गयाजी: जिले के चाकन्द हाई स्कूल में आयोजित सभा में एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने एक सिरे से सभी राजनीतिक पार्टियों को ‘जालिम’ करार देते हुए तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि बीते 60 वर्षों से हमारे गरीबों का खून चूसा जा रहा है और यह स्थिति बर्दाश्त नहीं की जा सकती. सभा में ओवैसी ने स्पष्ट कहा कि यह चुनाव सिर्फ वोट का हिसाब नहीं है, बल्कि हमारी इज्जत, हमारी बराबरी और हमारे बच्चों के भविष्य का सवाल है.

उन्होंने मतदाताओं से आग्रह किया कि अब केवल सरकार चुनना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपने सियासी घर को मजबूती देनी होगी. ओवैसी ने कहा कि नेता वही बनेगा जो आपके लिए खड़ा होगा और इसलिए अब वोट का सही इस्तेमाल कीजिए. उन्होंने बताया कि पिछले दशकों में वोट डालने के बावजूद स्थानीय जनता को सुविधाएँ नहीं मिलीं, नौजवान पलायन कर रहे हैं और बेटियों को पढ़ाई के मौके नहीं मिल रहे हैं.
सभा में ओवैसी ने अपने कार्यकाल की कुछ उपलब्धियों का हवाला देते हुए कहा कि संगठित मुहिम से ही नीतियों में बदलाव संभव हुआ है. उन्होंने निर्दोषों पर हुए जुल्म का जिक्र किया और कहा कि जनता की शक्ति से ही इंसाफ लौटता है.
ओवैसी ने भाजपा और नीतीश सरकार पर आरोप लगाया कि उनकी नीतियों से भ्रष्टाचार और असमानता बढ़ी है. उन्होंने केंद्र व राज्य की नीतियों पर सवाल उठाए और कहा कि गरीबों के पंजीकरण से पैसे लेने जैसी बातें सामने आई हैं. ओवैसी ने केंद्र सरकार पर वक्फ संपत्ति और मस्जिदों से जुड़े मामलों में हस्तक्षेप करने का आरोप भी लगाया और संविधान की रूह बचाने की आवश्यकता पर बल दिया.
उन्होंने कहा कि किसी भी कानून को ऐसा नहीं बनाया जाना चाहिए जो समाज में फूट डाले और हर मजहब का सम्मान होना चाहिए. ओवैसी ने मतदाताओं से कहा कि वोट डालो, जिम्मेदारी उठाओ और अपने सियासी घर की नींव मजबूत करो. उनका कहना था कि यह लड़ाई एक महीने की नहीं बल्कि पीढ़ियों की लड़ाई है और इस लड़ाई में साथ देना होगा.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
