जामताड़ा : नगर परिषद क्षेत्र के कुर्मी पाड़ा (पाइपलाइन हनुमान मंदिर क्षेत्र) में शनिवार को उस समय हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब स्थानीय लोगों ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) की गैस पाइपलाइन परियोजना में कार्यरत ठेकेदार को कथित रूप से अधूरा कार्य छोड़कर क्षेत्र से सामान समेटते हुए रोक लिया. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्धारित शुल्क लेने के बावजूद कई घरों में अब तक गैस पाइपलाइन कनेक्शन नहीं दिया गया है.

जानकारी के अनुसार, मिहिजाम क्षेत्र में इन दिनों HPCL की ओर से घर-घर एलपीजी गैस पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है. इस योजना के तहत प्रत्येक उपभोक्ता से 354 रुपये शुल्क लिया जा रहा है. शनिवार दोपहर स्थानीय लोगों ने देखा कि परियोजना से जुड़े कर्मचारी ट्रक पर उपकरण और अन्य सामग्री लादकर जाने की तैयारी कर रहे हैं. इसके बाद ग्रामीणों ने ट्रक को रोक दिया और कर्मचारियों का घेराव कर विरोध जताया.
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र के लगभग 180 लोगों ने गैस पाइपलाइन कनेक्शन के लिए निर्धारित राशि जमा की है. इसके बावजूद अब तक केवल 120 घरों में ही कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है. शेष लगभग 60 परिवार अभी भी कनेक्शन मिलने की प्रतीक्षा कर रहे हैं.
आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अधूरे कार्य के संबंध में पूछे जाने पर कर्मचारियों की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया. ग्रामीणों ने मांग की कि सभी लंबित उपभोक्ताओं को शीघ्र गैस पाइपलाइन कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए. अन्यथा जमा की गई राशि वापस की जाए.
मामले की सूचना मिलने पर मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा के निर्देश पर एएसआई सोनेलाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों को शांत कराया और आगे की बातचीत के लिए थाना बुलाया.
पुलिस द्वारा ठेकेदार के पास उपलब्ध दस्तावेजों, उपभोक्ताओं से प्राप्त शुल्क के प्रमाण तथा कार्य प्रगति से संबंधित अभिलेखों की जांच की जा रही है. समाचार लिखे जाने तक मिहिजाम थाना में दोनों पक्षों के बीच वार्ता जारी थी और मामले के समाधान का प्रयास किया जा रहा था.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



