गढ़वा: छठ जैसे बड़े पर्वों के दौरान भवनाथपुर थाना क्षेत्र में नकली घी का कारोबार तेजी से पनप रहा है. भवनाथपुर बाजार और आसपास के ग्रामीण इलाकों में बिहार के सासाराम से आई आधा दर्जन महिलाएं मिलावटी घी तैयार कर बेचने में जुटी हैं. बताया जा रहा है कि ये महिलाएं डालडा (वनस्पति घी) और रिफाइंड तेल को मिलाकर नकली घी तैयार करती हैं और इसे देसी घी बताकर बाजार में लगभग 300 रुपये प्रति किलो के भाव से बेच रही हैं.

असली घी की बढ़ती कीमतों के बीच यह सस्ता विकल्प लोगों को आकर्षित तो कर रहा है, लेकिन स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक साबित हो रहा है. विशेषज्ञों के अनुसार, डालडा वनस्पति तेलों को हाइड्रोजनेशन प्रक्रिया से गर्म कर तैयार किया जाता है, वहीं रिफाइंड तेल भी रासायनिक प्रक्रिया से निर्मित होता है. इन दोनों को मिलाकर बनाया गया नकली घी देखने और खुशबू में असली घी जैसा लगता है, लेकिन यह पूरी तरह कृत्रिम और हानिकारक होता है.

सासाराम से आई एक महिला ने बताया कि वे खरौधी मोड़ से लेकर केतार प्रखंड तक दुकानदारों को यह नकली घी 300 रुपये किलो में बेचती हैं. मिठाई दुकानों और छोटे रेस्टोरेंटों में इस घी की खपत तेजी से बढ़ रही है क्योंकि इससे उत्पादन लागत घटती है और मुनाफा बढ़ता है.
हालांकि, यही सस्तापन आम लोगों के स्वास्थ्य पर भारी पड़ रहा है. मिलावटी घी के सेवन से हृदय रोग, कोलेस्ट्रॉल बढ़ना, और लीवर संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है. इस मामले पर जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने कहा कि विभाग को नकली घी बेचने की सूचना मिली है. उन्होंने गढ़वा के लोगों से अपील की है कि “बिहार से कुछ लोग घूम- घूमकर नकली घी बेच रहे हैं, इसलिए सतर्क रहें. यदि ऐसे लोग कहीं दिखें तो तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचना दें.” उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से इस तरह के मामलों में कार्रवाई की जा रही है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
