गढ़वा: जिले के मेराल थाना क्षेत्र के बहेरवा गांव में बीती रात हाथियों के झुंड ने एक आदिम जनजाति के युवक को कुचल कर मौत के घाट उतार दिया. मृतक की पहचान बहेरवा गांव के रमेश परहिया के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार रमेश परहिया बाजार से आवश्यक सामान लेकर देर शाम घर लौट रहे थे. घर से महज डेढ़ किलोमीटर पहले दुर्गम पथरीले जंगल के रास्ते से गुजरते समय अंधेरे में हाथियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग और परिजन घटनास्थल पहुंचे तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. सुबह मुखिया जगजीवन रवि घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाते हुए सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया. ग्रामीणों का कहना है कि बीते कई दिनों से जंगली हाथियों का आतंक क्षेत्र में बढ़ा हुआ है और वन विभाग व प्रशासन की लापरवाही से आदिम जनजाति परिवार लगातार खतरे में हैं.

