सरायकेला/ Rasbihari Mandal कोलाबीरा स्थित श्री गणेशाय सेवा सदन के तत्वावधान में रविवार को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, कोलाबीरा में छठवां रक्तदान शिविर बड़े ही उत्साह और सामाजिक समर्पण के साथ आयोजित किया गया. इस शिविर में कुल 35 यूनिट रक्त संग्रह किया गया.

रक्तदाताओं के जोश और मानवता के प्रति समर्पण को देखते हुए आयोजन समिति ने सभी दाताओं के लिए नाश्ता और भोजन की व्यवस्था की थी. साथ ही प्रत्येक रक्तदाता को दीवार घड़ी उपहार स्वरूप भेंट की गई. कार्यक्रम के दौरान रक्तचाप जांच और नेत्र जांच शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसका लाभ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उठाया.
इस वर्ष शिविर की एक उल्लेखनीय पहल यह रही कि संस्था ने घोषणा की यदि किसी अस्पताल में भर्ती मरीज को रक्त की आवश्यकता होगी, तो क्लब के पदाधिकारी स्वयं अस्पताल जाकर मरीज के बेड तक रक्त पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाएंगे. इस मानवीय पहल की पूरे क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है.
कार्यक्रम का उद्घाटन मुड़िया पंचायत के मुखिया लखेंद्र हांसदा ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया. इस मौके पर स्थानीय बुद्धिजीवी वर्ग, समाजसेवी तथा प्रशासनिक अधिकारीगण उपस्थित थे.
आयोजन को सफल बनाने में क्लब के अध्यक्ष चंदन महतो, सलाहकार समिति सदस्य जयप्रकाश महतो और केशव महतो, मुखिया लखेंद्र हांसदा, तथा समाजसेवी जुबेर आलम सहित सभी सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही.
संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि “रक्तदान महादान है” और यह सेवा मानवता की सर्वोच्च भावना का प्रतीक है. भविष्य में भी श्री गणेशाय सेवा सदन ऐसे सामाजिक कार्यों को और व्यापक स्तर पर आयोजित करेगा, ताकि जरूरतमंदों की सहायता समय पर की जा सके.

