गम्हरिया: बुधवार को गम्हरिया और कांड्रा औद्योगिक क्षेत्र में श्रद्धा और उल्लास के साथ भगवान विश्वकर्मा की पूजा की गई. टाटा स्टील गम्हरिया, प्रधान कंस्ट्रक्शन समेत कई औद्योगिक इकाइयों में पूजा- अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की गई. इस अवसर पर औद्योगिक इकाइयों को साफ- सुथरा कर विशेष सजावट की गई और कर्मचारियों ने पूरे मनोयोग से भगवान विश्वकर्मा की आराधना की.

प्रधान कंस्ट्रक्शन गम्हरिया में शिल्पी देव भगवान विश्वकर्मा की पूजा बड़े धूमधाम से सम्पन्न हुई. पुजारी निर्मल चक्रवर्ती ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजा-अर्चना, हवन और यज्ञ कराकर कार्यक्रम की धार्मिक विधियों को सम्पन्न कराया. प्रधान कंस्ट्रक्शन में यजमान देवचरण प्रधान, अमरजीत महाकुड, निशाकर महाकुड, सिद्धांत गोप समेत अन्य लोगों ने पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. औद्योगिक क्षेत्र के अन्य इकाइयों, वर्कशॉप और पंडालों में भी भगवान विश्वकर्मा की मूर्ति स्थापित कर पूजा की गई. इस अवसर पर कई जगह सांस्कृतिक और सामुदायिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए. कर्मचारियों ने मशीनों और उपकरणों की विशेष साफ- सफाई कर उन्हें पुष्प और धूप से पूजित किया. पूजा के दौरान सुरक्षा और कार्यकुशलता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया. आयोजकों ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा की पूजा मेहनत, कौशल और समर्पण को बढ़ावा देने वाली होती है जिससे उद्योगों की प्रगति और कर्मचारियों की समृद्धि सुनिश्चित होती है. पूजा के कार्यक्रम में औद्योगिक क्षेत्र के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय गणमान्य लोगों की व्यापक भागीदारी रही. पूरे क्षेत्र में धार्मिक और उत्सव का माहौल रहा और लोगों में खासा उत्साह देखा गया.

