सरायकेला/ Pramod Singh स्वतंत्रता दिवस पर शुक्रवार शाम गम्हरिया- सीनी रेलवे स्टेशन के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी की घटना हुई. बालिगुमा पोल संख्या 266/28 के पास अज्ञात हाथों से फेंका गया पत्थर ट्रेन की खिड़की से टकराया और सी- 2 कोच (62- 63 सीट) का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया. घटना उस समय हुई जब ट्रेन राउरकेला से हावड़ा की ओर जा रही थी.

सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने कार्रवाई शुरू की. जांच के दौरान एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि खेल- खेल में पत्थर चला दिया था. आरपीएफ ने उसे चाईबासा रेलवे कोर्ट में प्रस्तुत किया, जहां से मामले को सरायकेला जुवेनाइल कोर्ट भेजा गया. अदालत ने नाबालिग को बेल बांड पर रिहा कर दिया.
सिनी आरपीएफ प्रभारी शैलेश चंद ने बताया कि घटना को गंभीरता से लिया गया है और नाबालिग के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में ट्रेन पर पत्थरबाजी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. रेलवे प्रशासन ने ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की तैयारी की है.

