गम्हरिया/ Rasbihari Mandal सरायकेला- खरसावां जिला के गम्हरिया थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें ट्रैक्टर पलटने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा गंजिया बराज के आगे उज्जलपुर- सामराम मार्ग पर अपराह्न करीब 4 बजे हुआ.

जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया. दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
हादसे में मृतकों की पहचान रितेश बेसरा और राजा बेसरा के रूप में हुई है. दोनों मृतक महतानडीह गांव, गम्हरिया के निवासी थे. वहीं गंभीर रूप से घायल युवकों में रामेश्वर हेम्ब्रम और शंकर हांसदा शामिल हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर काफी तेज गति में था और चालक का संतुलन बिगड़ते ही वाहन गड्ढे में जा गिरा. ट्रैक्टर के मालिक का नाम द्वारिका प्रसाद महतो, निवासी महतानडीह गांव बताया जा रहा है.
घटना की सूचना मिलने पर गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है.

