गम्हरिया / बिपिन वार्ष्णेय
शिवपुरी कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय जमीन कारोबारी अजय प्रताप की सोमवार तड़के मौत हो गई. प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, हालांकि घटना को लेकर इलाके में कई तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं.

प्राप्त जानकारी के अनुसार अजय प्रताप मंगलवार देर रात करीब 11 बजे गम्हरिया से कांड्रा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान गम्हरिया थाना से चंद फर्लांग की दूरी पर रामचंद्रपुर स्थित भारत पेट्रोलियम के समीप उनकी स्कॉर्पियो (संख्या JH05DM-8864) अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर के बाद वाहन का अगला टायर ब्लास्ट हो गया.
बताया जाता है कि दुर्घटना के बाद पूरी रात अजय प्रताप अपनी गाड़ी में ही अचेत अवस्था में पड़े रहे. वाहन की हेडलाइट जलती रही, लेकिन किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी. यहां तक कि पुलिस पेट्रोलिंग वाहन भी उस ओर नहीं पहुंचा, जिससे पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं.
सोमवार सुबह स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें वाहन के अंदर अचेत पाया और तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. आशंका है कि वाहन चलाते समय उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे वे नियंत्रण खो बैठे. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.
गौरतलब है कि पिछले वर्ष टीचर्स ट्रेनिंग मोड़ के समीप एमटीसी मॉल के पास हुई बमबारी की घटना में भी वे घायल हुए थे. अजय प्रताप विभिन्न तरह के कारोबार से जुड़े थे और क्षेत्र में उनकी अच्छी- खासी पहचान थी. कुछ आपराधिक तत्वों से भी उनके निकट संबंध होने की चर्चा रही है.
पिछले साल पड़ोस में स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय संस्थान की जमीन को लेकर विवाद भी सुर्खियों में रहा था. हालांकि बाद में मामला शांत हो गया. हाल के दिनों में वे घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन के करीबियों में गिने जा रहे थे. घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है. परिवार में उनकी पत्नी हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना व मौत के सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है.

