गम्हरिया: प्रखंड के विजय ग्राम स्थित राम बाबा आश्रम में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक गीता जयंती यज्ञ समारोह का सोमवार को विधिवत समापन हो गया. शुक्रवार को कलश यात्रा के साथ गीता जयंती समारोह और यज्ञ अनुष्ठान का शुभारंभ किया गया था. समारोह के प्रारंभ होते ही आश्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और तीन दिनों तक स्थानीय व दूरदराज से आए हजारों श्रद्धालु आश्रम पहुंचते रहे.

श्रद्धालुओं ने राम बाबा की समाधि में माथा टेककर आशीर्वाद लिया और यज्ञ के हवन कुंड के दर्शन किए. आश्रम की ओर से तीनों दिन भंडारे का आयोजन किया गया, जहां महाप्रसाद का वितरण किया गया. तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान अखंड गीता पाठ और यज्ञ संपन्न कराया गया, जिससे पूरा क्षेत्र धार्मिक वातावरण में गीतामय हो गया.
गीता जयंती के अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने भी राम बाबा आश्रम पहुंचकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया. उन्होंने कहा कि कई वर्षों से इस आश्रम में गीता यज्ञ का आयोजन होता आ रहा है और इसका क्षेत्रवासियों के साथ गहरा आत्मीय संबंध है. गीता के उपदेशों को जीवन में अपनाना सभी के लिए आवश्यक है.
सोमवार को आश्रम के संचालक बाबा मृत्युंजय ब्रह्मचारी की अगुवाई में मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ कुंड में विश्व शांति और विश्व कल्याण की कामना करते हुए पूर्णाहुति दी गई. ओम नमो नारायण और ओम नमो भगवते वासुदेवाय के जयघोष के साथ तीन दिवसीय गीता जयंती यज्ञ समारोह का समापन हुआ.

