गम्हरिया: ऊषा मोड के पास दबंग लोगों द्वारा अवैध तरीके से फ्लाईऐश डंपिंग की जा रही है, जिससे वहां के दुकानदार और आम लोगों को परेशानी हो रही है. लगातार बारिश से सर्विस रोड किनारे 15-20 दुकानों और घरों में फ्लाईऐश घुस गया है, जिससे लोगों का जीना मुहाल हो गया है और व्यवसाय भी ठप्प पड़ गया है.

गैर कानूनी है फ्लाईऐश डंपिंग: सीओ
गम्हरिया सीओ कुमार अरविंद बेदिया ने बताया कि किसी भी प्लॉट पर फ्लाईऐश डंपिंग पूरी तरह से गैरकानूनी है. उन्होंने कहा कि उक्त भूमि के स्वामी पर कठोर कार्रवाई की जाएगी. मालूम हो कि स्थानीय लोगों ने फ्लाईऐश डंपिंग का विरोध किया था, लेकिन दबंग लोगों ने धमकी देकर डंपिंग करवा दिया. इससे सरकारी नाला भी क्षतिग्रस्त हो गया है. अब देखना है कि सीओ क्या कार्रवाई करते हैं ताकि लोगों को राहत मिल सके.

प्रदूषण विभाग मौन
बता दें कि क्षेत्र के कई इलाकों में खुलेआम फ्लाईऐश का डंपिंग किया जा रहा है. इतना ही नहीं कंपनियों से निकलने वाले हानिकारक धुएं भी क्षेत्र में काफी फैल रहे है इस पर प्रदूषण विभाग मौन है जो कहीं ना कहीं भ्रष्टाचार की ओर इशारा कर रहा है. इतने बड़े पैमाने पर फ्लाई ऐश सड़कों पर फैल चुका है. इसपर प्रदूषण विभाग ने भी आंखें बंद कर रखा है जो लोगों के गले नहीं उतर रहा है.


