गम्हरिया: श्री श्री गणेश पूजा समिति की ओर से इस वर्ष भी बड़े धूमधाम से गणेश चतुर्थी का आयोजन किया जा रहा है. 26 अगस्त से 30 अगस्त 2025 तक दुर्गा पूजा मैदान, गम्हरिया में विशेष पूजा- अर्चना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा. समिति ने सभी श्रद्धालुओं से पूजा में शामिल होकर पुनित अर्चना और प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है.

कार्यक्रम की शुरुआत 26 अगस्त मंगलवार को संध्या 7 बजे पूजा पंडाल के उद्घाटन से होगी. इस अवसर पर सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी पंडाल का उद्घाटन करेंगी. विशिष्ट अतिथि के रूप में ईचागढ़ विधायक सबिता महतो, पूर्व विधायक अरविंद सिंह, लक्षमण टुडू, कुणाल साडंगी, झामुमो नेता गणेश चौधरी, गणेश महाली और जिप सदस्य बारी मुर्मू उपस्थित रहेंगे.
श्री श्री गणेश पूजा समिति के मुख्य संरक्षक सन्नी सिंह ने बताया कि इस वर्ष भी गणेश पूजा का आयोजन बड़े ही भव्य रूप से और धूमधाम के साथ किया जाएगा. उन्होंने कहा कि विशेष रूप से इस बार पंडाल का उद्घाटन झारखंड राज्य के निर्माता दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी और महान आंदोलनकारी सह राज्य के शिक्षा मंत्री वीर रामदास सोरेन जी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित कर किया जाएगा. 27 अगस्त बुधवार को सुबह 9 बजे से पूजा आरम्भ होगी. रोजाना आरती सुबह 10 बजे और संध्या 6 बजे आयोजित की जाएगी. 28 और 29 अगस्त को सुबह 10 बजे से भोग वितरण होगा, जो श्रद्धालुओं के आगमन तक जारी रहेगा. 30 अगस्त शनिवार को शाम 4 बजे से प्रतिमा विसर्जन के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा. समिति की ओर से बताया कि आयोजन में शांति, सौहार्द और श्रद्धा का विशेष माहौल रहेगा.

