गम्हरिया/ Parmeshwar Gorai गम्हरिया दुर्गापूजा मैदान में मंगलवार को श्री श्री गणेश पूजा समिति द्वारा निर्मित भव्य पूजा पंडाल का उद्घाटन क्षेत्रीय सांसद जोबा मांझी ने फीता काटकर किया. उद्घाटन समारोह में झामुमो नेता एवं पूजा समिति के मुख्य संरक्षक सन्नी सिंह की अगुवाई में सांसद समेत अन्य अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया.

इस अवसर पर सांसद जोबा मांझी ने भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा से पूर्व वे स्थानीय नागरिकों के साथ बैठक कर क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा करेंगी और उनके समाधान के लिए सार्थक पहल की जाएगी. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आगामी दिशा समिति की बैठक में सरायकेला जिला की प्रमुख समस्याओं को मजबूती से उठाया जाएगा.

समारोह के पूर्व उपस्थित अतिथियों ने पंडाल के समीप स्थापित पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन और पूर्व शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. इस मौके पर ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविन्द सिंह, पूर्वी सिंहभूम जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, कांग्रेस नेता कालीपद सोरेन, झामुमो केंद्रीय सदस्य गणेश चौधरी, नगर अध्यक्ष बीरेंद्र प्रधान, राजेश लोहा, लालबाबू सरदार समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे.

