गम्हरिया: आदित्यपुर नगर निगम वार्ड 6 स्थित साईं नगर में टाटा स्टील द्वारा नाले का रास्ता रोके जाने के कारण हुए जल जमाव से परेशान क्षेत्र की जनता ने शुक्रवार को अंचल कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया. स्थानीय लोगों का कहना है कि विगत एक महीने से जल जमाव के कारण उनके घरों से निकलना दुश्वार हो गया है. बार- बार कंपनी प्रबंधन नगर निगम और अंचल प्रशासन से फरियाद लगाने के बाद भी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, जिससे लोगों का जीना मुहाल हो गया है.

वहीं बस्ती के लोगों ने मामले से स्थानीय विधायक और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को भी अवगत कराया. शुक्रवार को विधायक प्रतिनिधि सनद कुमार आचार्य अंचल कार्यालय पहुंचे मगर अंचल अधिकारी को बार- बार फोन लगाने के बाद भी उन्होंने फोन नहीं उठाया. उसके बाद विधायक प्रतिनिधि धरने पर बैठ गए. हालांकि मामले की गंभीरता को देखते हुए अंचल अधिकारी कार्यालय पहुंचे और विधायक प्रतिनिधि को भरोसा दिलाया कि तत्काल वे स्थल का निरीक्षण करने जा रहे हैं जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि उनकी पहली प्राथमिकता लोगो को समस्याओं से समाधान दिलाना है.

