गम्हरिया: कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए रविवार को गम्हरिया प्रखंड के बांधडीह पंचायत में जरूरतमंद, गरीब, असहाय एवं बुजुर्गों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम KMPM83 बैच के सदस्यों द्वारा सामाजिक सरोकार के तहत आयोजित किया गया.

कंबल वितरण कार्यक्रम में मुखिया ग्राम पंचायत बांधडीह सिनी बोयपाई, गम्हरिया प्रखंड विधायक प्रतिनिधि पंकज प्रधान, ग्राम प्रधान सिंहपुर बुद्धेश्वर महतो, ग्राम प्रधान बांधडीह यदुनाथ महतो, ग्राम प्रधान उसकपुर नाजिर गागराई तथा समाजसेवी नवाडीह निवासी इंद्रा हेम्ब्रम विशेष रूप से उपस्थित रहे. सभी अतिथियों की उपस्थिति में करीब 170 जरूरतमंद लोगों को कंबल प्रदान किए गए.

KMPM83 बैच के सदस्यों सुनील, भूषण, मनोज, अजय, मोहन, बृज भूषण, प्रमोद एवं रत्नाकर ने संयुक्त रूप से इस कार्यक्रम को सफल बनाया. बैच के सदस्यों ने बताया कि यह उनका तीसरा कंबल वितरण कार्यक्रम है. इससे पूर्व भी विभिन्न क्षेत्रों में कंबल वितरण किया जा चुका है और अब तक कुल करीब 700 कंबलों का वितरण किया जा चुका है.
बैच के सदस्यों ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शीतलहर के प्रकोप से गरीब, असहाय एवं बेसहारा लोगों को राहत पहुंचाना है, ताकि कड़ाके की ठंड में कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति असहाय न रहे. कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे मानवता की मिसाल बताया.

