गढ़वा: जिले में दहेज के लिए प्रताड़ना का एक और मामला सामने आया है. सोमवार की अहले सुबह गढ़वा- चिनिया रोड पर परिजनों ने सड़क जाम कर दिया. परिजनों का आरोप है कि सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) में कार्यरत दामाद और उसके परिवार ने दहेज की मांग पूरी न होने पर उनकी बेटी की हत्या कर दी.

मृतका की पहचान मझिआंव थाना क्षेत्र के संजू कुमार सिंह उर्फ छोटू की पत्नी प्रिया कुमारी (26) के रूप में हुई है. संजू कुमार सिंह वर्तमान में एसएसबी में जवान हैं. जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह प्रिया के साथ मारपीट हुई थी और उसे खाना नहीं दिया गया था. रात आठ बजे परिजनों की आखिरी बार प्रिया से बात हुई. रात 10 बजे उन्हें सूचना मिली कि प्रिया अस्पताल में भर्ती है. सोमवार की सुबह गढ़वा शहर के चिनिया रोड स्थित परमेश्वरी मेडिकल हॉल में इलाज के दौरान प्रिया की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे और आक्रोशित होकर अस्पताल के सामने मुख्य सड़क को जाम कर दिया. मृतका के चाचा अनिरुद्ध कुमार सिंह उर्फ फोटू सिंह ने बताया कि प्रिया की शादी पिछले वर्ष 26 अप्रैल को हिंदू रीति- रिवाज से हुई थी. शादी के बाद से ही दहेज को लेकर ससुराल पक्ष उसे प्रताड़ित करता था. परिजनों ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने प्रिया को जहर देकर मार डाला और आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की. परिजनों ने चेतावनी दी कि जबतक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, वे शव नहीं उठाएंगे और सड़क जाम जारी रहेगा. कई घंटे तक सड़क जाम रहने से आम लोगों को भारी परेशानी हुई. अंततः गढ़वा थाना प्रभारी बृज कुमार के मौके पर पहुंचकर जांच और सख्त कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद परिजनों ने जाम हटाया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है. परिजन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.

