जमशेदपुर/ Afroz Mallik सावन का पवित्र महीना शुरू होते ही बाबा भोलेनाथ के भक्तों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ता है. इसी श्रद्धा और समर्पण का अनोखा उदाहरण हैं सुंदरनगर के संजय कुमार, जो इस बार लगातार 10वीं बार पैदल देवघर कांवड़ यात्रा पर निकले हैं. संजय कुमार सुंदरनगर थाना के पास बाबा ढाबा होटल चलाते हैं.

संजय हर साल बिना भोजन और पानी के, नंगे पांव करीब 600 किलोमीटर की यात्रा कर बाबा बैद्यनाथ धाम जल चढ़ाने जाते हैं. लेकिन उनकी यह आस्था उनकी दोस्ती से जुड़ी है. उन्होंने बताया कि उनका यह संकल्प उनके प्रिय मित्र शिव कुमार कच्छप की याद में है. शिव कुमार परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजमदा के रहने वाले थे. करीब दस साल पहले, अपने बागान में केले के पेड़ के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आकर शिव कुमार को गंभीर करंट लग गया था. इलाज के दौरान तीन दिन बाद उनकी मौत हो गई. संजय कुमार ने भावुक होते हुए कहा कि जब उन्होंने अपने दोस्त को अस्पताल में देखा, तभी बाबा से वचन लिया कि अगर उनके दोस्त को कुछ हो गया तो वह हर साल उसकी याद में पैदल, भूखे- प्यासे देवघर जाएंगे और बाबा को जल चढ़ाएंगे. आज उसी वचन को निभाते हुए वह लगातार 10वीं बार देवघर जा रहे हैं. संजय की इस आस्था और दोस्ती के जज्बे की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है.

