देवघर: भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री रणधीर सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस कर राज्य सरकार और जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि प्रदेश में गौ- तस्करी का कारोबार सरकार और प्रशासन के संरक्षण में फल- फूल रहा है, लेकिन इस पर ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है.

पूर्व मंत्री ने खुलासा किया कि सोमवार देर रात पुलिस ने दो गौ तस्करों का वाहन पकड़ा था, लेकिन बिना किसी एफआईआर दर्ज किए वाहन और आरोपितों को छोड़ दिया गया. उन्होंने बताया कि सुबह सामने आए सीसीटीवी फुटेज में पुलिस खुद वाहन को ले जाती नजर आ रही है, जिससे पूरे मामले में मिलीभगत साफ हो जाती है.
रणधीर सिंह ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार बनने के बाद से अब तक गौ तस्करों पर न तो कोई बड़ी कार्रवाई हुई और न ही छापेमारी अभियान चलाया गया. उन्होंने कहा कि आस्था और परंपरा से जुड़ी गाय का अवैध परिवहन एवं वध धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के साथ ही कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है.
पूर्व मंत्री ने चेतावनी दी कि अगर गौ तस्करी पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो भाजपा इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी और जन आंदोलन का रास्ता अपनाएगी. साथ ही उन्होंने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोषी पुलिसकर्मियों और गौ तस्करों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की.

