जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के फतेहपुर डिग्री कॉलेज में सोमवार को शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ने जा रही है. कॉलेज परिसर में नव-निर्मित एवं अत्याधुनिक पुस्तकालय का भव्य उद्घाटन स्थानीय विधायक सह झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा.

इस अवसर को लेकर कॉलेज प्रशासन एवं आयोजन समिति की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, जिससे कॉलेज के विद्यार्थियों और शिक्षकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है.
विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने बताया कि पुस्तकालय को विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक एवं उपयोगी स्वरूप में विकसित किया गया है.
वर्तमान में पुस्तकालय में करीब दो लाख रुपये मूल्य की पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें विभिन्न विषयों की पाठ्य- पुस्तकें, संदर्भ ग्रंथ, प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें तथा सामान्य ज्ञान की सामग्री शामिल है.
इसके अतिरिक्त दो लाख रुपये मूल्य की और पुस्तकों की खरीद प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है, जो शीघ्र ही पुस्तकालय में उपलब्ध करा दी जाएंगी.
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से कुल दस लाख रुपये मूल्य की पुस्तकों को पुस्तकालय में शामिल करने की योजना है. इससे छात्रों को उच्च गुणवत्ता की शैक्षणिक सामग्री एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी और अध्ययन- अध्यापन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आएगा.
विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कॉलेज परिसर में सात लाख रुपये की लागत से बैटरी आधारित सोलर सिस्टम भी स्थापित किया गया है, ताकि तकनीकी एवं अन्य विषयों की पढ़ाई निर्बाध रूप से संचालित की जा सके.
उद्घाटन समारोह में विश्वविद्यालय के वरीय पदाधिकारी, स्थानीय शिक्षाविद्, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र- छात्राएं उपस्थित रहेंगे.
कॉलेज के शिक्षकों और विद्यार्थियों का मानना है कि पुस्तकालय के शुभारंभ से फतेहपुर डिग्री कॉलेज शैक्षणिक रूप से और अधिक सशक्त होगा तथा क्षेत्र में उच्च शिक्षा को नई दिशा मिलेगी.

