गिरिडीह: पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तिलकडीह पंचायत के पिपराडीह गांव में संचालित नकली अंग्रेजी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. इस दौरान पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है.

शुक्रवार 12 दिसंबर की रात गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में बोलेरो वाहन सहित भारी मात्रा में नकली शराब, खाली बोतलें, स्टीकर, ढक्कन और अन्य पैकिंग सामग्री जब्त की गई है. पुलिस को सूचना मिली थी कि पिपराडीह गांव में नकली अंग्रेजी शराब तैयार कर बिहार भेजने की तैयारी की जा रही है.
सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ खोरीमहुआ के नेतृत्व में भेलवाघाटी और देवरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात छापेमारी की. छापेमारी के दौरान पुरा टुडू के घर से 62 वर्षीय पुरा टुडू, 40 वर्षीय प्रदीप मंडल और 20 वर्षीय सुलेन टुडू को नकली शराब की बोतलों में भराई और पैकिंग करते हुए गिरफ्तार किया गया.
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे हेमलाल साहू, निवासी मणिकबाद, और स्टीफन मरांडी, निवासी विधसडीह, के कहने पर नकली शराब तैयार कर रहे थे. तैयार शराब को बोलेरो वाहन के माध्यम से बिहार भेजा जाता था.
पुलिस ने मौके से White 175 ml अंग्रेजी शराब की 8 बोतलें, Seagram ब्रांड की 100 खाली बोतलें, करीब 40 लीटर शराब जैसा तरल पदार्थ, Iconiq White, Royal Stag, McDowell’s, Sterling Reserve और Imperial Blue जैसे नामी ब्रांडों के स्टीकर और ढक्कन बरामद किए हैं. इसके अलावा बोलेरो वाहन संख्या BR-06PB-1142 भी जब्त की गई है, जिसमें Sterling Reserve 375 ml की बोतलें लदी हुई थीं.
एसडीपीओ राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस अवैध शराब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है.

