सरायकेला/ Pramod Singh होली महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने अवैध मदिरा कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है. उपायुक्त के निर्देश पर अधीक्षक उत्पाद क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में रविवार देर रात चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग- 33 किनारे स्थित कई लाइन होटलों में सघन जांच एवं तलाशी अभियान चलाया गया.

छापेमारी के दौरान महेश होटल, त्रिवेणी होटल, शत्रुघ्न होटल, अनन्या होटल एवं गोल्डन लीफ होटल की गहन जांच की गई. जांच के क्रम में महेश होटल और अनन्या होटल में ग्राहकों को अवैध रूप से मदिरा परोसे जाने की पुष्टि होने पर संबंधित होटल संचालकों को मौके से विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया.
उक्त मामले में झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है. उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज ने स्पष्ट किया कि होली पर्व के दौरान अवैध मदिरा निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं परोसने के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. प्रशासन की इस सख्ती से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम लोगों ने कार्रवाई का स्वागत किया है.

