सरायकेला: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा आम निर्वाचन- 2024 के दौरान निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त सहायक उप निरीक्षक (सामान्य) स्व. प्रदीप गोआला के आकस्मिक निधन के उपरांत उनके आश्रिता पत्नी प्रोतिभा गोआला को देय 15 लाख की अनुग्रह अनुदान राशि प्रदान की गई.

उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी सरायकेला- खरसावां द्वारा अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में ससम्मान चेक के माध्यम से यह राशि प्रदान की गई. इस अवसर पर दिवंगत कर्मी के परिवार के प्रति जिला प्रशासन की ओर से गहरी संवेदना व्यक्त की गई.
उपायुक्त- सह- जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि निर्वाचन कार्य के दौरान घटित किसी भी आकस्मिक घटना से संबंधित मामलों में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा- निर्देशों के अनुरूप आवश्यक दस्तावेजों का त्वरित सत्यापन सुनिश्चित किया जाए. साथ ही अनुग्रह अनुदान एवं अन्य अनुमन्य लाभों का भुगतान समयबद्ध, पारदर्शी एवं संवेदनशील दृष्टिकोण के साथ किया जाए.
जिला प्रशासन ने यह भी आश्वस्त किया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के आलोक में दिवंगत कर्मी के परिवार को अन्य अनुमन्य लाभों के संबंध में भी नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. इस मौके पर जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेन्द्र उराव, कमांडेंट सशस्त्र सीमा बल बीएन- 67 एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे.

