जमशेदपुर/ Prerna Ojha उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने शुक्रवार को चाकुलिया प्रखंड के कालापाथर पंचायत क्षेत्र का दौरा किया और विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों और लाभुकों से संवाद किया तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की.

सबर टोला में उन्होंने पीएम जनमन और अबुआ आवास योजना के तहत निर्माणाधीन घरों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने निर्माण सामग्रियों की गुणवत्ता की जांच की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित आवास कार्यों को तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए ताकि लाभुकों को जल्द अपने घर का लाभ मिल सके.
उप विकास आयुक्त ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि पात्र परिवारों को समय पर आवास उपलब्ध हो. किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने पंचायत सचिव को निर्देश दिया कि सभी लंबित आवासों की सूची तैयार कर साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए. साथ ही गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
इसके अलावा उन्होंने अन्य विकास योजनाओं की अद्यतन स्थिति की भी जानकारी ली. इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी आरती मुंडा, पंचायत सचिव, जिला आवास समन्वयक, जिला प्रशिक्षण समन्वयक और प्रखंड समन्वयक सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

