
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड में ब्रेन मलेरिया के बढ़ते प्रकोप को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने गहरी चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि अब तक चार मासूम बच्चों की असामयिक मौत बेहद दुखद और चिंताजनक है, जबकि कई अन्य मरीज अभी भी इस गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं.


बुधवार को अर्जुन मुंडा सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने इलाजरत मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना. इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने को कहा.

अर्जुन मुंडा ने सिविल सर्जन के साथ बैठक कर पूरे मामले की समीक्षा की. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित चिकित्सा सुविधा, जांच और उपचार व्यवस्था को और मजबूत करने के साथ-साथ बचाव एवं जनजागरूकता अभियान युद्धस्तर पर चलाने का सुझाव दिया.
उन्होंने राज्य सरकार से अपील की कि इस गंभीर स्थिति को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावित इलाकों में पर्याप्त डॉक्टर, दवाइयां, स्वास्थ्यकर्मी और अन्य आवश्यक संसाधन तत्काल उपलब्ध कराए जाएं, ताकि बीमारी पर जल्द नियंत्रण पाया जा सके और लोगों को समय पर इलाज मिल सके.
पूर्व मुख्यमंत्री ने दिवंगत बच्चों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की. साथ ही उन्होंने सभी मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.
Edited By Sarita






