पूर्वी बर्दवान: राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 19 पर फेरी घाट-फागुपुर के पास शुक्रवार सुबह तीर्थयात्रियों से भरी एक मिनी बस सड़क पर खड़ी एक लॉरी से टकरा गई, जिससे 10 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में 8 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं, जबकि बच्चों और महिलाओं सहित 35 लोग घायल हुए हैं. घायलों को स्थानीय लोगों और एक साधु की मदद से बस से बाहर निकालकर बर्दवान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया.

बस बिहार की बताई जा रही है और तीर्थयात्री नेपाल से लौट रहे थे. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही सहायक पुलिस अधीक्षक अर्क बनर्जी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया. जिलाधिकारी ऐशरानी ए, पुलिस अधीक्षक सायक दास और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अर्क बनर्जी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी मृतक बिहार के निवासी हैं और बिहार प्रशासन से संपर्क किया गया है. स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की पार्किंग रोकने की मांग की है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

