दुमका: जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चोरकट्टा गांव में 19 अगस्त को हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस जघन्य वारदात को किसी और ने नहीं, बल्कि मृतक दंपति के छोटे दामाद सुबल साहा उर्फ भुलु साहा ने ही अंजाम दिया था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से चोरी किए गए जेवरात और मोबाइल भी बरामद किए हैं.

दुमका एसपी पीतांबर सिंह खैरवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि मृतक नवगोपाल साहा और उनकी पत्नी बिमू बाला साहा की हत्या पैसों के लालच और पारिवारिक रंजिश के चलते हुई थी. घटना से एक दिन पहले मृतक का बेटा अजय साहा अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मानसा पूजा में शामिल होने गोड्डा गया था. इसी बीच आरोपी दामाद सुबल साहा रात करीब 10 बजे अपने ससुराल पहुंचा.
सास- ससुर ने उसका स्वागत किया और उसे खाना भी खिलाया. लेकिन खाना खाने के बाद जब उसने अपने ससुर से दो लाख रुपये मांगे और देने से इनकार मिला, तो दोनों के बीच विवाद हो गया. आरोपी सुबल रात को सोने का बहाना कर दूसरे कमरे में चला गया, लेकिन देर रात वह फिर उसी कमरे में लौटा और सोते हुए ससुर के सिर पर ईंट से हमला कर दिया. इससे नवगोपाल साहा की मौके पर ही मौत हो गई.
सास बिमू बाला साहा जब बाथरूम से लौटकर कमरे में पहुंचीं और खौफनाक नजारा देखा, तो चीखने लगीं. तभी आरोपी ने उन पर भी लकड़ी के पीढ़े और ईंट से हमला कर दिया, जिससे उनकी भी मौके पर मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपी दामाद ने जेवर और मोबाइल लेकर फरार हो गया.
पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और रिश्तेदारों से पूछताछ के आधार पर आरोपी को शक के घेरे में लिया. पूछताछ में शुरू में उसने खुद को पश्चिम बंगाल में बताया, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों के सामने झूठ पकड़ा गया. कड़ी पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया. आरोपी की निशानदेही पर खून से सने कपड़े, मोबाइल और जेवर पुलिस ने बरामद किए.
जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे सिर्फ पैसों का लालच नहीं बल्कि पुरानी पारिवारिक रंजिश भी थी. मृतक नवगोपाल साहा ने कुछ साल पहले भाइयों के साथ मिलकर 20 लाख रुपये में जमीन बेची थी. इन पैसों का हिस्सा उन्होंने बड़ी बेटी और दामाद को घर बनाने के लिए दिया था, लेकिन बेटे और छोटी बेटी को हिस्सा नहीं दिया. इसी बात को लेकर छोटा दामाद सुबल साहा नाराज था. यही गुस्सा और आक्रोश आखिरकार इस दिल दहला देने वाली वारदात में बदल गया.

