दुमका: जिले में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 15 लाख रुपये मूल्य की शराब और भारी मात्रा में स्पिरिट जब्त की है. इस दौरान पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. यह खेप पश्चिम बंगाल से झारखंड के रास्ते बिहार ले जाई जा रही थी, जिसे गोपीकांदर थाना क्षेत्र में पकड़ा गया.

गोपीकांदर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से अवैध शराब की एक बड़ी खेप झारखंड के रास्ते बिहार भेजी जा रही है. सूचना के आधार पर थाना प्रभारी सुमित भगत के नेतृत्व में कारूडीह मोड़ के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोका गया.
वाहन की तलाशी के दौरान पिकअप वैन से ऑफिसर च्वाइस ब्रांड की 200 एमएल वाली शराब की 110 पेटियां बरामद की गईं. इसके साथ ही 800 लीटर स्पिरिट भी जब्त किया गया. इतनी बड़ी मात्रा में स्पिरिट मिलने से पुलिस को नकली शराब निर्माण से जुड़े नेटवर्क की आशंका है.
डीएसपी हेडक्वार्टर इकड डूंगडूंग ने बताया कि पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क के लिंक खंगाल रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि शराब और स्पिरिट की खेप पश्चिम बंगाल के किस इलाके से चली थी और बिहार में किन लोगों तक इसकी डिलीवरी होनी थी.
पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान काठीकुंड थाना क्षेत्र, दुमका और जामताड़ा जिले के निवासी के रूप में हुई है. दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
इस कार्रवाई के साथ ही पश्चिम बंगाल से बिहार तक अवैध शराब तस्करी के लिए बनाए गए कथित सेफ कॉरिडोर को दुमका पुलिस ने नाकाम कर दिया है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
