धनबाद: नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी के बीच रविवार देर रात सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित सिंह मेंशन में बमबाजी की घटना से हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी.

जानकारी के अनुसार रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच बाइक सवार अपराधियों ने सिंह मेंशन पर दो बम फेंके. एक बम गेट के अंदर जाकर फटा, जबकि दूसरा बाहर ही गिर गया. जिस स्थान पर विस्फोट हुआ वहां आमतौर पर लोग बैठते हैं. गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ.
घटना के समय झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह और उनकी पत्नी विधायक रागिनी सिंह आवास के अंदर मौजूद थीं. धमाके के बाद परिसर में अफरातफरी मच गई. सुरक्षा कर्मी और घर के लोग बाहर की ओर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों की जांच की और डीवीआर अपने कब्जे में ले लिया है. आसपास के इलाकों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. सिटी एसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी बिंदुओं पर पड़ताल जारी है.
स्टील गेट के पास स्थित सिंह मेंशन में पूर्व विधायक संजीव सिंह, विधायक रागिनी सिंह और पूर्व विधायक कुंती सिंह निवास करती हैं. गौरतलब है कि संजीव सिंह ने नगर निकाय चुनाव में मेयर पद के लिए दावेदारी पेश की है और मंगलवार को नामांकन करना है. ऐसे में चुनाव से ठीक पहले हुई बमबाजी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस पूरे मामले की तह तक जाने में जुटी है.

