
धनबाद: पुलिस ने अपराध पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार आरोपी अपने एक साथी के साथ किसी बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश रच रहा था. गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में उसके पास से एक लोडेड अवैध पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए. जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया.


डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर प्रकाश सोय ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 15 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे सूचना मिली थी कि हीरक रोड आठ लेन सड़क के पास भुचुंगटांड़ स्थित एक बंद मकान के समीप दो अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना के सत्यापन के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.
पुलिस टीम के मौके पर पहुंचते ही दोनों युवक भागने लगे. इसी दौरान भागते समय गिर जाने से मोनू कुमार यादव पुलिस के हत्थे चढ़ गया. जबकि उसका साथी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया.
तलाशी के दौरान मोनू कुमार यादव के कमर से एक लोडेड अवैध पिस्टल बरामद की गई. पिस्टल की मैगजीन से KF 7.65 अंकित तीन जिंदा कारतूस भी मिले. बरामद हथियार पर “MADE IN USA” अंकित है. आरोपी हथियार से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका.
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने फरार साथी की पहचान ईस्ट बसुरिया निवासी चिरकुट संजय के रूप में की है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मोनू कुमार यादव वर्ष 2025 में भी आर्म्स एक्ट के एक मामले में जेल जा चुका है.
इस संबंध में भूली ओपी में कांड संख्या 113/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





