धनबाद: पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने चोरी की बाइक की चेचिस नंबर और इंजन नंबर बदलकर फर्जी कागजात बनाकर बिक्री करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है. इनके पास से पुलिस ने चोरी की 21 बाइक बरामद की हैं और गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है.

गिरफ्तार किए गए लोगों में मो. आरिफ अंसारी, छोटू कुमार उर्फ छोटू पंडित, जागो उर्फ जगदीश भुइयां, सूरज कुमार और मो असलम शामिल हैं. इनमें से मो. आरिफ अंसारी झरिया में एक बाइक मेंटनेंस की गैरेज चलाता है और बाइक की इंजन और चेचिस नंबर बदलने में एक्सपर्ट है. गिरोह के सदस्यों ने अपने कई साथियों के नाम के खुलासे पुलिस के समक्ष किए हैं.
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि विभिन्न इलाकों से चोरी हुई बाइक को झरिया के एक गैरेज में चेचिस नंबर और इंजन नंबर बदलकर उसकी कागजात बनाकर खरीद- बिक्री करने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के बाद सिंदरी एसडीपीओ आशुतोष कुमार सत्यम के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम का गठन किया गया. एसएसपी ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.

