धनबाद: पुलिस ने कुख्यात प्रिंस खान गिरोह की एक बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम करने का दावा किया है. गुप्त सूचना के आधार पर भूली ओपी क्षेत्र के बी पॉलिटेक्निक के समीप जंगल में छापेमारी कर पुलिस ने गिरोह से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार दोनों एक स्थानीय जमीन कारोबारी और होटल व्यवसायी की हत्या की योजना बना रहे थे.



गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी दल ने कार्रवाई करते हुए शोएब कुरैशी और गुलाम गौस उर्फ छोटू कुरैशी को गिरफ्तार किया. पुलिस का दावा है कि दोनों प्रिंस खान गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं.
तलाशी के दौरान पुलिस ने गुलाम गौस उर्फ छोटू कुरैशी के पास से दो जिंदा बम, ‘मेड इन इटली’ अंकित एक अवैध पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए. वहीं शोएब कुरैशी के पास से ‘किंग केजीएफ’ अंकित एक अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस जब्त किए गए. बरामद कारतूस पर केएफ 7.65 अंकित है.
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे प्रिंस खान गिरोह से जुड़े हैं और एक स्थानीय जमीन कारोबारी व होटल व्यवसायी की हत्या की योजना बना रहे थे. पुलिस ने यह भी दावा किया कि गुलाम गौस ने पूछताछ में बताया कि वह व्हाट्सएप के माध्यम से गोपी खान और प्रिंस खान के संपर्क में था.
इस मामले में भूली ओपी थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.





