धनबाद: जिले के झरिया के बोर्रागढ़ ओपी क्षेत्र अंतर्गत भूतगढ़िया पुराना कलाली से सुरेंद्र कॉलोनी जाने वाले रास्ते पर स्थित एक खेल मैदान के समीप सोमवार को झाड़ियों से एक व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. रोज की तरह सुबह टहलने निकले स्थानीय लोगों ने झाड़ियों के अंदर संदिग्ध अवस्था में शव देखा और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी. सूचना मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई.

सूचना पर बोर्रागढ़ ओपी प्रभारी निरंजन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की. प्रारंभिक निरीक्षण में मृतक की बाईं आंख के पास गहरा कटा हुआ जख्म पाया गया है, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. इसके अलावा सड़क से शव तक खून की बूंदें भी देखी गई हैं, जिसके आधार पर आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और की गई होगी और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को यहां लाकर फेंका गया है.
मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है. पहचान के लिए पुलिस आसपास के थानों और इलाकों में सूचना भेज रही है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच जारी है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
