धनबाद: कोयलांचल के बहुचर्चित पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह सहित चार लोगों के हत्याकांड मामले में 27 अगस्त (बुधवार) को कोर्ट अपना फैसला सुनाएगा. इसको लेकर धनबाद पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की है. फैसले के दिन कोर्ट परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया जाएगा.

गौरतलब है कि नीरज सिंह पूर्व झरिया विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह के पति थे. वहीं इस हत्याकांड के अभियुक्त पूर्व विधायक संजीव सिंह, जो वर्तमान झरिया विधायक रागिनी सिंह के पति हैं, पर आरोप है. कोयलांचल में नीरज सिंह का खेमा ‘रघुकुल’ और संजीव सिंह का खेमा ‘सिंह मेंशन’ के नाम से जाना जाता है. फैसले के दिन दोनों घरानों के हजारों समर्थकों के जुटने की संभावना है, जिसके चलते पुलिस ने विशेष अलर्ट जारी किया है.
धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि फैसले के दिन कोर्ट परिसर और अन्य संवेदनशील इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाएगा. साथ ही एहतियात के तौर पर शहरभर में निगरानी बढ़ाई जाएगी और केस से जुड़े सभी लोगों पर पैनी नजर रखी जाएगी.
यह मामला 21 मार्च 2017 का है जब सरायढेला थाना क्षेत्र के स्टील गेट के पास पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह के वाहन पर अंधाधुंध गोलियां बरसाई गई थीं. इस हमले में नीरज सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई थी. मामले में उनके चचेरे भाई संजीव सिंह समेत अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया था. हाल ही में 8 अगस्त को संजीव सिंह को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली है.

