धनबाद: जिले में अवैध कोयला उत्खनन का सिलसिला एक बार फिर मौत का कारण बन गया है. निरसा थाना क्षेत्र के चापापुर ओसीपी में बुधवार को हुए हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है. जबकि एक गंभीर रूप से घायल शख्स को परिजनों ने धनबाद स्थित एसएनएमएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी भी पांच से छह लोग मलबे में दबे हुए हैं.

गौरतलब है कि जिस अवैध कोयला उत्खनन स्थल पर यह घटना हुई, वह निरसा थाना से महज कुछ कदम की दूरी पर है. इसके बावजूद यहां रोजाना बड़े पैमाने पर अवैध खनन होता है और कोयला आसपास के भट्ठों में खपाया जाता है. पुलिस की चुप्पी और प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा गरीब मजदूरों को अपनी जान देकर चुकाना पड़ रहा है.

घटना में मारे गए दोनों लोग तालबेडिया गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं. वहीं दबे हुए लोग आसपास के ग्रामीण बताए जाते हैं, जो हर दिन कोयला उत्खनन करते थे. हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए. हालांकि निरसा पुलिस प्रशासन अब तक घटना स्थल पर नहीं पहुंचा है.
बीते सप्ताह भी कतरास के रामकनाली कोलयरी में भूधसान की चपेट में आने से सात लोगों की मौत हुई थी. इसके बावजूद प्रशासन अवैध कोयला उत्खनन पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रहा है. महज एक सप्ताह में यह दूसरी बड़ी घटना है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है.
पूरे मामले पर पुलिस प्रशासन की चुप्पी बनी हुई है. जब निरसा एसडीपीओ रजतमणि बाखला से फोन पर इस बाबत पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मुझे घटना की जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि आपके जरिए जानकारी मिली है और थाना प्रभारी से पूछने के बाद ही कुछ बता पाएंगे.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
