धनबाद: ईडी ने शुक्रवार को धनबाद में कोयला कारोबार से जुड़े तीन प्रमुख कारोबारियों इंद्रराज भदौरिया, सुधीर चौटाला और मनोज अग्रवाल के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. मनोज अग्रवाल डेको आउटसोर्सिंग कंपनी के संचालक हैं और ट्रांसपोर्टर के रूप में भी जाने जाते हैं.

यह छापेमारी कोयला के अवैध कारोबार और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच के तहत की गई है. ईडी की टीम ठिकानों से मिले दस्तावेजों, लेन- देन के रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर रही है.
शुक्रवार की कार्रवाई 20 नवंबर को हुई बड़ी ईडी छापेमारी की कड़ी मानी जा रही है, जिसमें कोयला कारोबारी एलबी सिंह, दीपक पोद्दार सहित कई लोगों के घरों और कार्यालयों में भी तलाशी ली गई थी. उस दौरान कोलकाता ईडी टीम ने पश्चिम बंगाल के ठिकानों पर भी दबिश दी थी, जहां से करोड़ों रुपये नकद, कई दस्तावेज और चल-अचल संपत्तियों के सबूत मिले थे.
इन्हीं जांचों में इंद्रराज भदौरिया, सुधीर चौटाला और मनोज अग्रवाल की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद ईडी ने आज की कार्रवाई को अंजाम दिया. जांच जारी है और एजेंसी जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की तैयारी में है.

