धनबाद: कोयला कारोबार से जुड़े बड़े व्यवसायियों एलबी. सिंह और उनके भाई कुम्भनाथ सिंह के कई ठिकानों पर शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने व्यापक छापेमारी की. कार्रवाई सुबह से शुरू हुई, जिसमें ईडी की कई टीमें सरायढेला के देवबिला स्थित आवास, बैंक मोड़ के शांति भवन, निरसा के टालडांगा में बिनोद महतो के ठिकाने और भूली में सन्नी केशरी के स्थान सहित करीब आधा दर्जन लोकेशन पर एक साथ पहुंचीं.

सूत्रों के अनुसार दोनों भाई कोयला आउटसोर्सिंग कंपनी का संचालन करते हैं और हाल के दिनों में उजागर हुए कोयला स्कैम से जुड़े मामलों की जांच के क्रम में ईडी यह कार्रवाई कर रही है. सभी ठिकानों पर डिजिटल रिकॉर्ड, दस्तावेज़ और वित्तीय लेन-देन से जुड़े कागजात खंगाले जा रहे हैं.
जानकारी यह भी सामने आई है कि करीब दस वर्ष पहले बीसीसीएल टेंडर घोटाला मामले में सीबीआई ने एल.बी. सिंह के निवास पर छापेमारी की थी. उस दौरान एल.बी. सिंह की ओर से सीबीआई टीम पर फायरिंग किए जाने का गंभीर आरोप भी लगा था. ताजा छापेमारी के बाद कोयला कारोबार से जुड़े अन्य लोगों में भी हलचल तेज हो गई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार ईडी की टीम जांच में जुटी हैं और आवश्यक दस्तावेज कब्जे में लिए जा रहे हैं. एजेंसी आने वाले दिनों में इस मामले में और भी महत्वपूर्ण कदम उठा सकती है.

