धनबाद: प्रसिद्ध भटिंडा फॉल में रविवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई जब एक ही परिवार के चार सदस्य रील और सेल्फी लेने के दौरान पानी के तेज बहाव में गिरकर डूबने लगे. घटना बंगाल के बर्दवान से आए एक परिवार के साथ हुई, जो पिकनिक मनाने धनबाद के भटिंडा फॉल घूमने आया था.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला जब फॉल के किनारे सेल्फी लेने लगी तो अचानक उसका पैर फिसल गया और वह बहाव में बहने लगी. महिला को बचाने के प्रयास में उसका पति, बेटा और बेटी भी पानी में कूद पड़े, लेकिन वे भी तेज धारा में फंस गए. इस दौरान फॉल के पास मछली पकड़ रहे स्थानीय युवक अचानक पानी में हलचल देखे और बिना समय गंवाए चारों को बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी. सूझबूझ और बहादुरी से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. घायलों को तत्काल पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है. स्थानीय लोगों ने बताया कि रील और सेल्फी के चक्कर में अक्सर इस तरह की घटनाएं हो जाती हैं. प्रशासन से अपील की गई है कि फॉल क्षेत्र में चेतावनी बोर्ड और गार्ड की तैनाती की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकी जा सकें.

