सरायकेला/ Pramod Singh खरसावां प्रखंड अंतर्गत बड़ा आमदा पंचायत में गुरुवार को उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्र, आयुष्मान आरोग्य केंद्र एवं मनरेगा योजना की स्थिति का आकलन किया. निरीक्षण के अवसर पर अबुआ आवास योजना के चयनित लाभुकों को आवास उपलब्ध कराते हुए गृह प्रवेश कराया गया. साथ ही विद्यालय के छात्र- छात्राओं को साइकिल वितरण किया गया, जिससे शिक्षा को प्रोत्साहन देने की दिशा में सकारात्मक पहल सुनिश्चित हुई.


निरीक्षण के क्रम में आयुष्मान आरोग्य केंद्र का भी अवलोकन किया गया. उप विकास आयुक्त ने स्वास्थ्यकर्मियों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की समयबद्ध उपलब्धता, आवश्यक औषधियों की नियमित आपूर्ति तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने टीकाकरण कार्यक्रम को शत-प्रतिशत लागू करने तथा आयुष्मान भारत योजना के पात्र परिवारों को सक्रिय रूप से जोड़ने पर बल दिया.
इस दौरान पंचायत में अभिलेखों एवं पंजी संधारण की स्थिति की भी समीक्षा की गई और कर्मियों को नियमित अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया. निरीक्षण उपरांत उप विकास आयुक्त ने कहा कि सभी योजनाओं का कार्यान्वयन समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए. उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र एवं विद्यालयों में नामांकन, उपस्थिति और पोषण आहार की नियमित निगरानी पर बल दिया. साथ ही मनरेगा योजनाओं में पारदर्शिता और रोजगार सृजन को सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई. उन्होंने लंबित आवास मामलों के शीघ्र निष्पादन पर भी बल दिया और कहा कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
