देवघर: नगर निगम के सफाई कर्मी वेतन, पेंशन और भविष्य निधि (ईपीएफ/पीएफ) के भुगतान में लगातार हो रही देरी के विरोध में बुधवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं. यह निर्णय झारखंड लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन की देवघर इकाई की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया.

कर्मियों ने साफ शब्दों में कहा है कि जब तक बकाया भुगतान समय पर नहीं किया जाता, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे. नगर निगम परिसर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता फेडरेशन अध्यक्ष संजय मंडल ने की. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को महीनों से वेतन नहीं मिला है, पेंशन का भुगतान रुका हुआ है और ईपीएफ/पीएफ भी नियमित रूप से जमा नहीं किया जा रहा है. बार-बार सिर्फ आश्वासन देकर मामले को टाल दिया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों का भरोसा पूरी तरह टूट चुका है.
फेडरेशन ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी होने तक नगर निगम के सभी सफाई कर्मी कार्य का पूर्ण बहिष्कार करेंगे. हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की पूरी जिम्मेदारी नगर प्रशासन की होगी.
बैठक में महासचिव रोशन राम, उपाध्यक्ष बिरजू राम सहित सैकड़ों सफाई कर्मियों ने आंदोलन को मजबूती देने और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया.

