देवघर: नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलासी टाउन स्थित होटल शुभम वाटिका में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध हथियार के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई शनिवार की रात की गई.

पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल परिसर में कुछ युवक संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं और उनके पास अवैध हथियार मौजूद है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए होटल में छापेमारी की. तलाशी के दौरान एक देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया.
गिरफ्तार युवकों की पहचान नेहाल मिश्रा, अंकित झा उर्फ खुशली और दिलीप कुमार यादव के रूप में हुई है. पुलिस ने तीनों को मौके से हिरासत में लेकर नगर थाना कांड संख्या 46/2026 दर्ज किया है.
एसडीपीओ अशोक कुमार ने बताया कि बरामद हथियार की जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में तो नहीं थे. फिलहाल तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है.

