देवघर: जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ढीबी जोरिया के समीप एक अज्ञात व्यक्ति का अधजला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है. शव शंकरपुर और गिधैया गांव के बीच ढीबी जोरिया पुल के पास स्थित कब्रिस्तान के बगल में पड़ा मिला है.

रविवार अहले सुबह जब स्थानीय ग्रामीण उधर से गुजर रहे थे, तब उनकी नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद तुरंत देवीपुर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई. सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ अशोक कुमार के नेतृत्व में देवीपुर थाना पुलिस दल- बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
सदर एसडीपीओ अशोक कुमार ने बताया कि शव की अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई है. प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि युवक की हत्या कहीं और कर उसके बाद शव को यहां लाकर जलाने का प्रयास किया गया है. फिलहाल पुलिस शव की पहचान कराने के साथ- साथ आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर रही है और सभी बिंदुओं पर सघन जांच शुरू कर दी गई है.
अधजले शव की खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गई, जिसके कारण घटनास्थल के आसपास बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई है. पुलिस स्थिति को नियंत्रण में रखते हुए आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.

