नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए विस्फोट के बाद कई राज्यों में सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया है. केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को सतर्क रहने और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं.

बिहार में हाई अलर्ट घोषित किया गया है. राज्य की पुलिस और इंटेलिजेंस टीमें सक्रिय हैं. सभी प्रवेश मार्गों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है.
चंडीगढ़ में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. पुलिस ने मॉल, बाजार और सार्वजनिक स्थलों पर गश्त बढ़ा दी है.
केरल में पुलिस प्रमुख रावदा आज़ाद चंद्रशेखर ने पूरे राज्य में सुरक्षा सख्त करने का आदेश दिया है. उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए.
हरियाणा सरकार ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को सतर्क रहने और सुरक्षा व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के निर्देश जारी किए हैं.
वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण को पूरे राज्य में हाई अलर्ट पर रहने का आदेश दिया है. मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में गहन जांच और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.
देशभर में रेल स्टेशन, हवाई अड्डे, भीड़भाड़ वाले बाजार और धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. सुरक्षा एजेंसियां इस घटना के बाद संभावित आतंकी कोण की भी जांच कर रही हैं.

