रोहतास: जिले के डेहरी से एक दर्दनाक रेल हादसे की खबर सामने आई है. जहां डेहरी रेलवे स्टेशन के पास वाराणसी- बरकाकाना पैसेंजर ट्रेन से गिरने के कारण एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे में यात्री के दोनों पांव कट गए हैं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

घायल की पहचान सासाराम के नहौना गांव निवासी राजेश कुमार के रूप में हुई है, जो दशरथ लाल का पुत्र बताया जा रहा है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना रेलवे सुरक्षा बल को दी. डेहरी आरपीएफ के अनुसार, पैसेंजर ट्रेन से एक यात्री के गिरने की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची, जहां राजेश कुमार गंभीर अवस्था में पड़े मिले. उन्हें तत्काल इलाज के लिए डेहरी अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें सासाराम सदर अस्पताल रेफर कर दिया.
सासाराम सदर अस्पताल में घायल का इलाज जारी है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है. इस हादसे के बाद रेलवे प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. रेलवे पुलिस द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यात्री ट्रेन से कैसे गिरा.

