चतरा: मादक पदार्थ ब्राउन शुगर तस्करी के खिलाफ चतरा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. सदर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 253 ग्राम ब्राउन शुगर, 10 लाख रुपये नकद और दो लग्जरी वाहन के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है. बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है.

एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र के रामदुण्डा फुटबॉल मैदान में कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद- बिक्री के लिए पहुंचे हैं. सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीपीओ संदीप कुमार सुमन के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया और मौके से तीन आरोपियों को दबोचा गया. उनके पास से 253 ग्राम ब्राउन शुगर और दो वाहन — विटारा ब्रेज़ा (जेएच 01 ईएस 8912) और स्विफ्ट कार (जेएच 02 बीएच 7063) जब्त किए गए.
इसके अलावा छापामारी के दौरान गिद्धौर थाना क्षेत्र के रहने वाले अनुज दांगी उर्फ अभिषेक कुमार वर्मा को भी गिरफ्तार किया गया. उसके पास से 9 लाख 99 हजार 500 रुपये बरामद किए गए, जिसे ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए रखा गया था. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र के सिंघानी गांव निवासी जितेन्द्र कुमार साहु (32), गिद्धौर थाना क्षेत्र के बहादुर दांगी (46) और प्रेमनाथ दांगी (55) तथा अनुज दांगी उर्फ अभिषेक कुमार वर्मा (32) के रूप में हुई है. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि ये तस्कर पहले भी एनडीपीएस एक्ट, फॉरेस्ट एक्ट और लकड़ी तस्करी के मामलों में जेल जा चुके हैं. इस संबंध में सदर थाना कांड संख्या 292/25 दिनांक 06.09.2025 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
