चतरा: जिले में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वे थाना से कुछ ही दूरी पर भी बड़ी वारदात करने से नहीं डर रहे. ताजा मामला इटखोरी थाना क्षेत्र के गोलकाबर गांव का है, जहां दिनदहाड़े अपाचे बाइक पर सवार चार हथियारबंद अपराधियों ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) संचालक से लाखों रुपये लूट लिए.

मिली जानकारी के अनुसार, सीएसपी संचालक विकास कुमार इटखोरी से अपने केंद्र की ओर जा रहे थे. इसी दौरान अपराधियों ने बीच रास्ते में उनकी बाइक रोक ली और बंदूक की नोक पर नकदी व मोबाइल फोन लूट लिया. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही इटखोरी थाना पुलिस सक्रिय हो गई और अपराधियों का पीछा करना शुरू किया. बताया गया कि अपराधी दंदाहा घाटी होते हुए मयूरहंड के जंगल की ओर भाग निकले. पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है.

थाना प्रभारी ने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि पुलिस जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी. इस घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश दोनों का माहौल है. स्थानीय लोगों ने कहा कि थाना के इतने नजदीक लूट की वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
