चतरा: जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र में तलशा स्कूल के समीप शनिवार को दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आमने- सामने टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, घटना में वीरेंद्र उर्फ बिल्ला गंझू की पहचान गोवा खुर्द गांव निवासी के रूप में हुई, जो एक बस में कंडक्टर का काम करता था. अन्य दो मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है.

पिकेट थाना प्रभारी राहुल दुबे ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी मृतक मौके पर ही काल के गाल में समा गए. पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. आसपास के क्षेत्रों में पुलिस मृतकों की शिनाख्त के लिए जांच कर रही है.
वीरेंद्र की मौत की खबर सुनते ही गोवा खुर्द गांव में मातम छा गया. परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने बताया कि वीरेंद्र एक मिलनसार और मेहनती व्यक्ति था, जिसकी अचानक मृत्यु ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया.
घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए तफ्तीश तेज कर दी है. यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार वाहन चलाने के खतरों को उजागर करता है. पुलिस ने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और तेज रफ्तार से वाहन न चलाने की अपील की है.

