चतरा: बलात्कार के आरोपी मुखिया की अविलंब गिरफ्तारी की मांग को लेकर अखिल भारतीय भुइयां समाज कल्याण समिति ने चतरा में जोरदार प्रदर्शन किया. यह प्रदर्शन प्रखंड कार्यालय से शुरू होकर केशरी चौक होते हुए डीसी ऑफिस तक पहुंचा. वहां प्रदर्शनकारियों ने डीसी ऑफिस का घेराव किया और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की.

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सदर थाना क्षेत्र के गोढाई पंचायत के वर्तमान मुखिया ने आवास योजना का लाभ दिलाने के बहाने एक महिला के साथ दुष्कर्म किया है. पीड़िता ने इस संबंध में सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी आरोपी मुखिया की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है. इससे नाराज भुइयां समाज के लोग सड़कों पर उतर आए. प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित लोगों ने कहा कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की.
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीओ जहूर आलम और डीएसपी मुख्यालय मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर आश्वासन दिया कि मामले की जांच प्राथमिकता पर की जा रही है. एसडीओ ने कहा कि प्रशासन इस गंभीर आरोप को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है. यदि जांच में मुखिया दोषी पाए जाते हैं, तो उन्हें अविलंब गिरफ्तार किया जाएगा. उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और पीड़िता को न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है. प्रशासन के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने फिलहाल अपना आंदोलन समाप्त कर दिया. हालांकि समिति के सदस्यों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन होगा.

