चांडिल/ Afroz Mallik सरायकेला जिले के ईचागढ़ प्रखंड के गौरांगकोचा गांव में हज़रत अब्दुल हलिम शाह बाबा रहमतुल्लाह अलैह का 10वां सालाना उर्स मुबारक बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है. गुरुवार सुबह कुरान ख्वानी के साथ उर्स की शुरुआत की गई, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत की.

दरगाह कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद मुरतेज ने बताया कि उर्स मुबारक की रस्में सुबह से आरंभ होकर रात भर जारी रहेंगी. दिनभर क्षेत्र के विभिन्न गांवों और इलाकों से श्रद्धालु दरगाह पहुंचे और मजार पर चादरपोशी कर अमन, सलामती और खुशहाली की दुआ मांगी.
उर्स के अवसर पर दरगाह परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पानी, बिजली और सुरक्षा से जुड़े अतिरिक्त इंतज़ाम किए गए हैं. स्थानीय लोगों और कमेटी सदस्यों की टीम लगातार व्यवस्था संभालने में जुटी हुई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि हज़रत अब्दुल हलिम शाह बाबा का उर्स गांव की आस्था, भाईचारे और आपसी सौहार्द का प्रतीक है. यहां हर धर्म और समुदाय के लोग मिलकर उर्स मुबारक मनाते हैं.

