चांडिल: प्रखंड क्षेत्र के चौलीबासा पंचायत अंतर्गत बड़ामटांड के ग्रामीणों को बिजली समस्या से राहत मिली है. विधायक सविता महतो ने 100 केवीए क्षमता वाले नए ट्रांसफार्मर का विधिवत फीता काटकर उद्घाटन किया. ट्रांसफार्मर चालू होने के साथ ही क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बहाल हो गई, जिससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है.


बताया गया कि कुछ दिनों पूर्व आकाशीय बिजली गिरने से बड़ामटांड में लगा ट्रांसफार्मर जल गया था. ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद बड़ामटांड सहित आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई थी. कई दिनों तक बिजली नहीं रहने के कारण ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. बच्चों की पढ़ाई के साथ घरेलू कार्य और रोजमर्रा की गतिविधियां भी प्रभावित हुईं.
ग्रामीणों ने बिजली समस्या की जानकारी विधायक सविता महतो को दी थी. इसके बाद विधायक ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से समन्वय कर जल्द नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की पहल की. विभाग द्वारा 100 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने के बाद विधायक ने मौके पर पहुंचकर उसका उद्घाटन किया.
इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली जैसी मूलभूत सुविधा को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है. किसी भी कारण से बिजली आपूर्ति बाधित होने पर ग्रामीणों को लंबे समय तक परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाते हैं.
नया ट्रांसफार्मर लगने और विद्युत आपूर्ति बहाल होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक के प्रति आभार जताया. ग्रामीणों ने कहा कि बिजली की समस्या दूर होने से उन्हें काफी राहत मिली है.
मौके पर झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा किशोर महतो, अर्जुन सिंह मुंडा, समर भुईयां, श्रीकांत महतो, शिबू महतो, मनोज दास, प्रशांत सिन्हा, अनुपम गुप्ता समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.

