तिरुलडीह/चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिला में अवैध बालू उत्खनन के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी क्रम में तिरुलडीह थाना क्षेत्र के सपादा और तिरुलडीह घाट में विशेष अभियान चलाया गया.

जिला प्रशासन के निर्देश पर तिरुलडीह पुलिस ने थाना प्रभारी कौशल कुमार के नेतृत्व में संभावित अवैध उत्खनन स्थलों का निरीक्षण किया. अभियान के दौरान सपादा और तिरुलडीह घाट क्षेत्र में कई स्थानों पर ट्रेंच (खाई) बनाकर अवैध परिवहन मार्गों को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया गया. इससे बालू माफियाओं की आवाजाही पर रोक लगाने की कोशिश की गई.
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा. भविष्य में भी अवैध खनन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी. विभाग की ओर से चेतावनी दी गई है कि नियमों की अनदेखी कर बालू उत्खनन, परिवहन या भंडारण करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा.
लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है. प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है, ताकि क्षेत्र में अवैध खनन पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित की जा सके.

